खाद विक्रेतों पर पोहरी में हुई कार्यवाही और पिछोर में हुई एफआईआर,पढ़िए पूरी खबर

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने सभी विकासखंडों में खाद की उपलब्धता एवं वितरण की निगरानी के निर्देश सभी एसडीएम को दिए हैं। उनके निर्देशानुसार पोहरी में भी एसडीएम द्वारा निरीक्षण किया गया।

एसडीएम अंकुर गुप्ता ने बताया कि भटनावर में स्थित सहकारी संस्था का निरीक्षण किया गया जिसमें वहां पीओएस मशीन खराब पायी गयी व उसके बिना ही वितरण किया जा रहा था और स्टॉक में 50 बोरे कम पाए गए। इसके साथ ही कोई रिकॉर्ड मेन्टेन नही किया जा रहा था व बिना परमिट के ही खाद दिया जाना पाया गया। एसडीएम गुप्ता ने तत्काल कार्यवाही करते हुए संस्था पर रखे 96 बोरे सील किये है। साथ ही निर्देश दिए हैं कि पीओएस मशीन के साथ ही खाद वितरण किया जाये।

एसडीएम पोहरी ने बताया कि बैराड़ नगर की प्राइवेट खाद दुकान श्रीराम खाद ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम में 200 बोरी डीएपी खाद भरा हुआ मिला जिसको मौके पर राजस्व विभाग के पटवारी एवं आरआई तथा कृषि विभाग के क्षेत्रीय कृषि विकास अधिकारी की उपस्थिति में वितरित करवाया गया।

कलेक्टर श्री अक्षय कुमार सिंह के निर्देशानुसार खाद की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। पिछोर विकासखंड में एसडीएम जे.पी.गुप्ता ने विक्रेताओं के विरुद्ध कार्यवाही की है। बामोरकला क्षेत्र में 3 विक्रेताओं के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

एसडीएम जेपी.गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण आदि पर निगरानी के लिए खाद की दुकानों का निरीक्षण किया गया और विक्रेताओं से जानकारी ली गई। बामोरकला में कार्यवाही के दौरान तीन ट्रैक्टर खाद ले जाते हुए मौके पर पकड़े गए। यह उर्वरक शिवपुरी से अशोकनगर जिले में ले जाया जा रहा था। जब किसानों से पूछताछ की गई और जानकारी ली गई तब विक्रेताओं द्वारा खाद की कालाबाजारी और अधिक मूल्य पर बेचने की जानकारी मिली। इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित विक्रेताओं पर कार्यवाही की गई है।

पिछोर एसडीएम श्री गुप्ता ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत मैसर्स श्री किसान सेवा केंद्र प्रो सुनील गुप्ता, मैसर्स अनुराग ट्रेडर्स प्रो अनुराग गुप्ता, मैसर्स अलका एजेंसी प्रो अजय गुप्ता पर प्रकरण दर्ज किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने