मुरैना न्यूज़ :एक बीघा जमीन के बटवारे को ले कर हुआ खुनी संघर्ष,15 साल के किशोर की हुई गोली लगने से मौत
मुरैना। खेत की मेढ़ को लेकर शुरू हुआ विवाद एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गया, जिसमें 15 साल के किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।इस बार विवाद रिठौरा थाना क्षेत्र के अरदौनी गांव में हुआ है, जहां आधी रात को सोते हुए परिवार पर आरोपितों के झुण्ड ने फायरिंग कर दी। मृतक किशोर के पिता, माता व चाचा भी गोली लगन से घायल है।
अरदौनी गांव निवासी 55 वर्षीय राजाराम पुत्र मेघलाल गुर्जर का खेत की मेढ़ को लेकर अपने ही चचेरे भाई रामकरण सिंह गुर्जर से विवाद चल रहा था। शुक्रवार की दोपहर इन दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ, जिसमें रामकरण पक्ष के लोगों ने राजाराम की मारपीट कर दी थी। राजाराम ने रिठौरा थाने में मारपीट की धाराओं में केस दर्ज करा दिया। एफआइआर होने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों के सिर पर ऐसा खून सवार हुआ, कि शनिवार की रात 12 बजे के करीब सात-आठ लोग बंदूक व अन्य हथियार लेकर राजाराम के घर में घुस गए। उस समय राजाराम का पूरा परिवार घर के बाहर बनी झोंपड़ी में सोया हुआ था। आरोपितों ने सोते हुए राजाराम गुजर्र, उसकी पत्नी अनारदेवी उम्र 48 साल, बेटे जसवीर सिंह उम्र 15 साल और एक अन्य स्वजन शैलेंद्र पुत्र रामदीन गुर्जर उम्र 25 साल को गोली मार दी। सभी के पेट में गोली मारी गई, जिसमें 15 साल के जसवीर की मौत हो गई।
आरोपियों के घर सूने, मवेशी भी ले गए
रिठौरा पुलिस ने इस मामले में रामकरण सिंह गुर्जर, सुरजीत गुर्जर, रुस्तम सिंह गुर्जर, लवकुश गुर्जर, जयसिंह गुर्जर, रवि गुर्जर, जयराम गुर्जर और वीरसिंह गुर्जर के खिलाफ हत्या की धाराआें में केस दर्ज किया है उक्त आरोपिताें ने पूरी प्लानिंग बनाकर हत्या की घटना को अंजाम दिया है, क्योंकि राजाराम के परिवार पर हमला करने से पहले ही आरोपितोंने अपने परिवार की महिला व बच्चों के साथ-साथ मवेशियों को भी गांव से लापता कर दिया।पुलिस अब इनके रिश्तेदारों के यहां दबिश दे रही है।
- एक बीघा जमीन के बंटवारे व मेढ़ को लेकर यह विवाद हुआ है। दोनों पक्ष में शुक्रवार को झगड़ा हुआ, जिस पक्ष पर एफआइआर हुई उसी ने आधी रात को सोते हुए राजाराम गुर्जर के परिवार पर फायर कर दिया। घटना में एक किशोर की मौत हुई है, तीन घायल हुए हैं। आरोपित गांव से फरार हैं, उनकी तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
डा. रायसिंह नरवरिया, एएसपी, मुरैना
