शिवपुरी में लापता टैक्सी ड्राइवर का शव शिवपुरी के बड़े बस स्टैंड की छत पर मिला, पत्नी ने दो युवकों पर जताया हत्या का संदेह

शिवपुरी।शिवपुरी शहर के बस स्टैंड स्थित कोटा यात्री प्रतीक्षालय की छत पर एक टैक्सी ड्राइवर का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोलू उर्फ अशोक रजक, निवासी रेंज ऑफिस के पास झांसी रोड, के रूप में हुई है। वह 21 जून से लापता था। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुटी है।
मृतक की पत्नी मोहनी रजक ने बताया कि 21 जून की सुबह गोलू अपनी टैक्सी लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। उसी शाम उसकी टैक्सी नीलगर चौराहे पर लावारिस हालत में मिली थी। इसके बाद देहात थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
मोहनी रजक का आरोप है कि उनके पति को आखिरी बार कल्लू खटीक और भैयालाल खटीक के साथ देखा गया था। उन्होंने दोनों पर पति की मौत का संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनके अनुसार दोनों युवक स्मैक के नशे के आदी हैं।
वहीं पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक गोलू भी नशे का आदी था। पुलिस स्मैक के हाई डोज, अत्यधिक शराब सेवन और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने