फायर सेफ्टी नियमों पर स्पष्टता की मांग, शिवपुरी के कोचिंग संचालकों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

शिवपुरी।शिवपुरी में फायर सेफ्टी मानकों के पालन को लेकर प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई के बीच कोचिंग संचालकों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को शिवपुरी प्राइवेट टीचर एसोसिएशन ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फायर सेफ्टी संबंधी दिशा-निर्देशों को स्पष्ट करने की मांग की।

दरअसल, लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन ने जिलेभर में फायर सेफ्टी मानकों की जांच शुरू की है। मानकों का पालन नहीं करने वाले कई कोचिंग संस्थानों को सील भी किया गया है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।कोचिंग संचालकों ने लखनऊ की घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि वे विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए शासन के प्रयासों का समर्थन करते हैं। उनका कहना है कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार फायर सेफ्टी की व्यवस्थाएं की हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश नहीं मिलने के कारण भ्रम और भय का माहौल बना हुआ है।संचालकों के अनुसार इसी अनिश्चितता के चलते जिले के सभी कोचिंग संस्थानों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है, जिससे हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशासन ने फायर सेफ्टी मानकों को पूरा करने के निर्देश तो दिए हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन व्यवस्थाओं को अनिवार्य रूप से लागू करना होगा और एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया क्या होगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है, ताकि कोचिंग संस्थान नियमों का पालन कर दोबारा संचालित किए जा सकें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने