शिवपुरी।शिवपुरी जिले में शासकीय भूमि और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर बदरवास तहसील के ग्राम सडबूढ़ स्थित सिंध नदी घाट पर अवैध मिट्टी उत्खनन और शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सचिन भार्गव को अवैध उत्खनन रोकने के दौरान कुछ लोगों ने शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने और धमकी देने की कोशिश की। घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके बाद राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया। अवैध उत्खनन का प्रकरण तैयार किया गया और सिंध नदी घाट तक बनाया गया अवैध रास्ता भी ध्वस्त कर दिया गया। आरोपियों के कब्जे से बरामद हथियार जब्त कर उसका लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने शासकीय भूमि पर बिना अनुमति किए जा रहे अवैध निर्माण को भी तत्काल प्रभाव से जमींदोज कर दिया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, अवैध उत्खनन और शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना और शासकीय भूमि को अतिक्रमण व अवैध गतिविधियों से मुक्त रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Tags:
Shivpuri