शिवपुरी में नशा मुक्ति का संदेश: छात्रावास में विधिक जागरूकता शिविर, छात्रों ने ली नशामुक्त भारत की शपथ

शिवपुरी। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर शासकीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति बालक छात्रावास, शिवपुरी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में लीगल एड डिफेंस काउंसिल शिवपुरी की असिस्टेंट श्रीमती नुपुर राठौर ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की डीएडब्ल्यूएन (Drug Awareness and Wellness Navigation) योजना-2025 की जानकारी देते हुए छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालता है तथा परिवार और समाज को भी नुकसान पहुंचाता है। छात्रों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान एनडीपीएस एक्ट के प्रमुख प्रावधान, निःशुल्क विधिक सहायता, नशा ग्रस्त व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास की व्यवस्थाओं तथा नालसा की डीएडब्ल्यूएन योजना के उद्देश्यों की जानकारी दी गई। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित प्रेरणादायक वीडियो और लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया।
शिविर में स्थायी लोक अदालत के माध्यम से मिलने वाली सेवाओं एवं विभिन्न शासकीय लोक सेवाओं की जानकारी भी छात्रों को दी गई। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए स्वयं नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने