शिवपुरी।शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम हातौद में गाय के मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से भी एनसीआर दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम हातौद निवासी 58 वर्षीय इन्द्रजीत सिंह सरदार का कहना है कि पिछले पांच वर्षों से उनके पास एक देशी गाय है। गुरुवार शाम वह अपने भाई परमजीत सिंह के साथ घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान ग्राम गांगोली निवासी लक्ष्मण सिंह गुर्जर, पप्पू गुर्जर, जण्डेल सिंह गुर्जर सहित अन्य लोग वहां पहुंचे और गाय पर अपना मालिकाना हक जताते हुए उसे ले जाने का प्रयास करने लगे।इन्द्रजीत सिंह के अनुसार, गाय देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उनके भाई परमजीत सिंह भी मारपीट में घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचीं इन्द्रजीत की पत्नी परबिन्दर कौर सहित परिवार की महिलाओं के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।देहात थाना पुलिस ने इन्द्रजीत सिंह की शिकायत पर लक्ष्मण सिंह गुर्जर, पप्पू गुर्जर, जण्डेल सिंह गुर्जर, गोपाल गुर्जर और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस में एनसीआर दर्ज कराई गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Tags:
Shivpuri